सांस्कृतिक संध्या में रंग नहीं जमा पाई जलेबी बाई
प्रस्तुति के दौरान ही सीट छोड़कर जाने लगे दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड सिंगर रितु पाठक अपना रंग नहीं जमा सकी। रितु पाठक के मंच पर चढ़ने के बाद दर्शक धीरे-धीरे सीट छोड़कर जाने लगे। हालांकि उन्होंने मंच संभालते ही देवा श्री गणेश.., से अपनी प्रस्तुति का आगाज किया। इसके बाद उन्होंने तेरी दीवानगी.., तेरे इश्क ने मेरी कोई जट्ट दी कुंवारी.., कमली-कमली नैना विच तेरा नाम ले लिया..., व जलेबी बाई.., आदि अनेकों गीतों से दर्शकों का दिल जीतने का प्रयास किया लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
इससे पूर्व लोक कलाकार रघुवीर ठाकुर ने मेरा ये सिरमौर बड़ा प्यारा..., रंग रूप बड़ा प्यारा..., सुरपुडा..., आदि अनेकों लोकगीतों से दर्शकों के बीच जाकर जमकर धमाल मचाया। कपिल शर्मा ने अपनी सुरीली आवाज में पूजा करनी बिजिटोरी..., और दिल के टुकड़े-टुकड़े करके मुस्कुरा के चल दिए..., आदि गीतों की प्रस्तुति से समां बांधे रखा।
रामेश्वर शर्मा ने ये इश्क का जादू है सर चढ़कर बोलेगा..., तुम तो ठहरे परदेसी..., गीतों पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हिमांशी तंवर ने यार मेरा तितलियां वरगा.., बचपन का प्यार मेरा भूल न जाना.., दिल धड़काए सिटी बजाए..., और श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में..., आदि अनेकों गीतों पर खूब रंग जमाया। एनजेडसीसी के मंझे हुए कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति से दर्शकों को रूबरू करवाया।
कलाकार संजीव धीमान ने खाईके पान बनारस वाला.., रमेश कटौच ने साहिबा मेरी साहिबा.., नितिन कौशल ने दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी.., और जट यमला पगला दिवाना.., आदि अनेकों पहाड़ी और फिल्मी गीतों पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
इसके अलावा राजेश मालिक, सुरेश शर्मा सहित करीब तीन दर्जन कलाकारों ने संध्या में रंग भरने का प्रयास किया। पांचवीं सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता उपयुक्त प्रियंका वर्मा ने की। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, एसडीएम नहान राजीव संख्यान, बीडीओ नाहन अंजलि गर्ग, डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल, तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर व सीईओ भरत सिंह ठाकुर सहित बोर्ड के अन्य सदस्य, गण्यमान्य लोग और हजारों दर्शक भी मौजूद रहे।
-संवाद
रेणुका मेले में प्रस्तुति देते लोक कलाकार कपिल शर्मा। संवाद
रेणुका मेले में प्रस्तुति देते लोक कलाकार कपिल शर्मा। संवाद
रेणुका मेले में प्रस्तुति देते लोक कलाकार कपिल शर्मा। संवाद