डाक विभाग की लाना चेता शाखा में तैनात पोस्टमास्टर चार बुजुर्ग महिलाओं की पेंशन डकार गया। डाक विभाग के समक्ष मामला आने के बाद पोस्टमास्टर शौकत अली के खिलाफ संगड़ाह थाना में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार डाक विभाग की लाना चेता शाखा में तैनात शौकत अली ने सरकार की ओर से दी जाने वाली वृद्घा पेंशन राशि को फर्जी हस्ताक्षर कर हड़प लिया।
मामला संज्ञान में आने तक पोस्टमास्टर महिलाओं की करीब 9 हजार रुपये की पेंशन पर हाथ साफ चुका था। विभाग ने पोस्टमास्टर के खिलाफ धोखाधड़ी व भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करवाया है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। विभागीय स्तर पर भी मामले में पोस्टमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
पोस्टमास्टर ने लानाचेता क्षेत्र की कौशल्या देवी की दो बार शाखा में पहुंची 1800-1800 रुपये की पेंशन हड़पी। इसके अलावा शांति देवी, ऊषा देवी व प्रेमी देवी के भी 1800-1800 रुपये डकार गए। पिछले काफी लंबे समय से इन महिलाओं को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था। लिहाजा महिलाओं ने डाक विभाग से भी इसकी शिकायत की थी। डाक विभाग की इंवेस्टीगेशन के दौरान पोस्टमास्टर शौकत अली के पेंशन राशि के लिए फर्जी हस्ताक्षर पाए गए।
सरकार ने विधवा व बुजुर्गों के लिए पेंशन जैसी सुविधाएं दी हैं, लेकिन यह योजनाएं लाभान्वित होने वाली महिलाओं की पहुंच से बाहर हो रही थी। सरकार से पेंशन जारी होने के बावजूद पोस्ट ऑफिस इसे चट कर रहा था।