नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में आर्थिक तंगहाली का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। बैंकों में शुक्रवार को नई करेंसी पहुंची लेकिन 500 रुपये के नए नोट नहीं आए। बैंकों में हालांकि पिछले दो-तीन दिनों की अपेक्षा भीड़ घट गई है लेकिन एटीएम के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं। घंटों तक खड़े रहने के बाद जब एटीएम मशीन के पास पहुंचे तो 2500 रुपये की बजाय 2000 रुपये ही निकले। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। जबकि कई बैंकों ने तो एटीएम चलाने से ही हाथ खड़े कर दिए हैं। नाहन शहर को ही लें तो यहां एसबीआई और एसबीपी के अलावा किसी भी बैंक के एटीएम काम नहीं कर रहे।
एटीएम मशीनें बंद होने की वजह से कैश निकालने के लिए लोग दर-दर भटकने को विवश हो गए हैं। नाहन में एसबीआई के शाखा के समीप स्थापित एटीएम में सबसे अधिक भीड़ जुट रही है। शुक्रवार को यहां लाइन में खड़े लोगों का नंबर दो-तीन घंटे से पहले नहीं लगा। अन्य एटीएम के शट्टर बंद देखे गए। सहकारी बैंक, पीएनबी और एचडीएफसी के बैंकों के शट्टर आज भी नहीं खुल सके। यूको बैंक और सेंट्रल बैंक में पैसे निकालने पहुंचे लोगों को बैरंग होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। जबकि बैंक में भी नोट बदलने और खाते में धनराशि जमा करवाने वालों की संख्या काफी देखी गई। एटीएम में कैश निकालने के लिए लाइन में खड़े संदीप ने बताया कि उन्हें पैसों की अत्यधिक जरूरत है। दो दिनों से वह लगातार पैसे निकालने के लिए एटीएम में आ रहे हैं। महज 2500 रुपये की लिमिट रखी गई है लेकिन एटीएम में 2000 रुपये ही निकल रहे हैं। इससे उन्हें दिक्कत हो रही है। शालिनी, राजेश कुमार, मनप्रीत के अनुसार एटीएम से पैसे निकालने की लिमिट बढ़ाई जानी चाहिए।