पांवटा साहिब (सिरमौर)। विगत 18 मार्च को उत्तराखंड के प्रेम नगर से पांवटा साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने पहुंचे दंपती की स्कूटी चोरी मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रेमनगर से गुलशन कुमार पत्नी के साथ स्कूटी पर पांवटा पहुंचा था। इस दौरान पांवटा में मिठाई की दुकान के समीप से स्कूटी चोरी हो गई। इसकी शिकायत दो दिन पहले ही दंपति ने पुलिस में दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगालने के साथ स्थानीय कुछ लोगों का सहयोग लिया और पुरुवाला कांशीपुर निवासी अजय कुमार व अनिल कुमार को दबोच लिया।
डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि स्कूटी चोरी की शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी। दोनों आरोपियों अजय व अनिल से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद हो गई है। दोनों को अदालत में पेश करने पर तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। इस दौरान आरोपियों से क्षेत्र में हुई वाहनों की अन्य चोरियों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
...