Police caught bookies in Kalaamb and Paonta
नाहन (सिरमौर)। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर दो सट्टेबाजों को दबोचा है। पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्र में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले मामले में कालाअंब पुलिस ने गश्त के दौरान जोहड़ों के नजदीक आईआईटी कॉलेज के पास सैनी स्वीट शॉप के बाहर अशोक कुमार निवासी शिवालिक कॉलोनी कालाअंब, डाकघर हमीदपुर, तहसील नारायणगढ़ (हरियाणा) को राहगीरों को सट्टा लगाने के लिए उकसाने के आरोप में दबोचा।
पुलिस ने इसके कब्जे से सट्टे की पर्चियां और 800 रुपये नकद बरामद किए। वहीं, पुलिस थाना पांवटा साहिब की पुलिस टीम गश्त के दौरान विश्व कर्मा चौक पांवटा साहिब के पास मोहन मुर्गा शॉप के सामने शाहीद निवासी जामिया नगर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) को राहगीरों के सट्टा लगाने के लिए उत्प्रेरित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने इसके कब्जा से दड्डा-सट्टा की पर्चियां और 970 रुपये बरामद किए। पुलिस ने कालाअंब और पांवटा साहिब थाना में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जमवाल ने मामले की पुष्टि की है।