जिले में टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश
बैठक में सिरमौर में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नाहन में मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने की। इस दौरान जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की सितंबर महीने की प्रगति रिपोर्ट पर समीक्षा की गई। साथ ही लंबित कार्यक्रमों को शीघ्र पूरा करवाने पर जोर दिया गया।
बैठक में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत आयोजित शिविरों में टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने और लोगों को इस रोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारियों और टीबी विभाग के अधिकारियों को दिए गए। जिला टीबी अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने बताया कि जानकारी के अभाव में लोग इस बीमारी का शिकार हो रहे हैं। अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों में यदि खांसी या लंबे समय तक बुखार के लक्षण दिखाई दें तो उनके सैंपल की जांच अवश्य करवानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बैठक में जिले के दवा केंद्रों में टीबी की दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी फीडबैक लिया गया। इस अवसर पर जिले के खंड चिकित्सा अधिकारी, एमओ और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।