-उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देने के बाद मुख्यमंत्री को भेजा 14 सूत्रीय मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ढलती उम्र में घर में आराम करने की बजाए सिरमौर के पेंशनर सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं। लंबित वित्तीय देनदारियों, एरियर, डीए (महंगाई भत्ता) और मेडिकल बिलों के भुगतान न होने से नाराज सभी विभागों, बोर्डों और निगमों के पेंशनरों ने जिला मुख्यालय नाहन में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
जिला सिरमौर पेंशनर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले सोमवार को मुख्यालय नाहन में सभी विभागों, बोर्डों, निगमों के पेंशनर सुबह 11 बजे उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। उपायुक्त कार्यालय के बाहर पेंशनरों ने उनकी अनदेखी पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। यहां कई घंटे तक धरना भी दिया। वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री 2026-27 का बजट जो उन्होंने चंद रोज बाद पेश करना है, वह उस बजट में पेंशनरों की जितनी भी देनदारियां हैं, उसे एकमुश्त अदा करने के लिए बजट का प्रावधान करें। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो पेंशनर सड़कों पर उतरेंगे और सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। वह सभी 30 मार्च को शिमला में सचिवालय का घेराव भी करेंगे।
इस मौके पर पेंशनरों ने कमेटी के संयोजक ओएल चौहान की अगुवाई में मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त प्रियंका वर्मा को 14 सूत्री मांग पत्र भी दिया। इसमें छठे वेतन आयोग का एरियर देने, करोड़ों रुपये के चिकित्सा बिलों के भुगतान का बजट देने, 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तें देने, एचआरटीसी और कॉर्पोरेट सेक्टर के पेंशनरों को समय पर पेंशन देने, एरियर समेत दूसरी सभी मांगे पूरी करने की मांग शामिल रहीं।
-संवाद
नाहन में मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे पेंशनर। संवाद