संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने वीरवार को राजगढ़ शहर से सटी शलाणा ग्राम पंचायत के नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से 8.40 लाख की लागत से बनाए गए इस भवन में तीन कमरे, एक सभागार, रसोई और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। विधायक रीना कश्यप ने कहा कि तीन वर्षों से पच्छाद क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक निधि पर रोक के कारण क्षेत्र में आवश्यक विकास योजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। उन्होंने पंचायत भवन तक मुख्य मार्ग से सड़क निर्माण के लिए 2 लाख, कडय़ुत से स्याना तक एंबुलेंस रोड के लिए 1.50 लाख, स्याना से सेर तक पक्की सड़क के लिए एक लाख, स्वयं सहायता समूह को 5,100 और महिला मंडल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष सरोज शर्मा, अरुण ठाकुर, जगत राम ठाकुर, अनिल पुंडीर, पंचायत सचिव सरला देवी सहित ग्राम पंचायत शलाणा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।