नौहराधार/शिलाई/ रोनहाट/ददाहू (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के आकस्मिक निधन पर समूचे गिरिपार इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वीरवार सुबह अचानक निधन की खबर मिलते ही नौहराधार क्षेत्र में व्यापारियों ने दो घंटे बाजार बंद रखा। साथ ही शिलाई विधानसभा के कफोटा, रोनहाट व शिलाई में भी एक-एक घंटे बाजार बंद रहे। इस दौरान वीरभद्र सिंह के निधन पर नौहराधार बाजार में भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजित की गई, जिसमें व्यापार मंडल, कांग्रेस जनों, पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि नौहराधार में तहसील मुख्यालय, जलशक्ति विभाग का डिवीजन, सीएचसी सहित वेटरनरी विभाग, वन विभाग, कृषि कार्यालय, उद्यान विभाग, वरिष्ठ पाठशाला, शिक्षा खंड कार्यालय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन हैं। इस दौरान क्षेत्र में किए विकास को लेकर लोगों ने उन्हें याद किया। पूर्व प्रधान प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह, पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान, अशोक ठाकुर, सुरेश, बॉबी, विवेक चौहान, जितेंद्र सिंह, रणदीप चौहान, भगत सिंह आदि का कहना है कि नौहराधार में जो भी विकास कार्य हुए हैं। वह सब वीरभद्र सिंह की ही बदौलत हैं। उधर, शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शिलाई, कफोटा व रोनहाट में एक-एक घंटे के लिए बाजार बंद रखे गए। शिलाई कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम शर्मा, रणजीत नेगी, रतन चौहान, दयाल चौहान, अतर राणा, बीर सिंह चौहान, भवान सिंह चौहान, रमेश नेगी, प्रकाश चौहान, गीताराम भंडारी, नरेश चौहान व दिनेश चौहान ने लोनिवि विश्राम गृह में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखा। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि वीरभद्र सिंह विकास के मसीहा के नाम से जाने जाते हैं। शिलाई क्षेत्र के युवा को आज कॉलेज के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। वीरभद्र सिंह के अतुलनीय योगदान को हिमाचल के लोग दिलों में हमेशा याद रखेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद ददाहू बाजार आधा दिन तक बंद रहा। ददाहू बाजार के सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करके दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोपहर 11 बजे जैसे ही सार्वजनिक अवकाश की घोषणा हुई। अपने काम पर सरकारी कार्यालय पहुंचे कर्मचारी वापस लौट आए। दोपहर 11 बजे के बाद से सभी सरकारी कार्यालय बंद हो गए। ददाहू पंचायत के प्रधान पंकज गर्ग ने सभी व्यापारियों से दुकानें बंद करने का आह्वान किया। जिस पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें दो बजे तक बंद करके पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी।