नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में सट्टेबाजों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थानों के तहत चार सट्टेबाजों को सट्टा लगाते हुए दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5150 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर थाना नाहन में पुलिस ने अनवर अली, निवासी मोहल्ला तेलियो, कच्चा टैंक नाहन को बस स्टैंड कैंटीन में दड़ा-सट्टा लगवाते पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 1860 बरामद किए हैं। पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने विशाल कुमार निवासी वार्ड नंबर 9 देवीनगर, तहसील पांवटा साहिब को माई मंदिर के पास दड़ा-सट्टा की पर्चियां और 830 रुपये के साथ दबोचा। तीसरे मामले में पुलिस थाना पुरूवाला की पुलिस टीम ने मुकेश निवासी गांव मानपुर देवड़ा तहसील पांवटा साहिब को उसकी दुकान पर सट्टा लगवाते पकड़ा। पुलिस ने मुकेश के कब्जे से 900 रुपये बरामद किए हैं। उधर, पुलिस थाना माजरा की पुलिस टीम गश्त के दौरान धौलाकुंआ में मौजूद थी। सूचना मिली कि मीन सिंह निवासी गांव भारापुर, तहसील पांवटा साहिब लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौका पर जाकर उक्त व्यक्ति को काबू किया। उसके कब्जा से दड़ा-सट्टा की पर्चियां और 1560 रुपये बरामद किए। पुलिस अधीक्षक सिरमौर डॉ. केसी शर्मा ने सभी मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सट्टेबाजों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।