नाहन में पूर्व पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के साथ बैठक करते पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने सोमवार को पुलिस कल्याण सप्ताह के अंतर्गत सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक बैठक पुलिस लाइन में आयोजित की। इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शॉल और टोपी देकर सम्मानित किया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने अनुभव बैठक में साझा किए।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को बताया कि पुलिस थानों में उनके साथ सही ढंग से बर्ताव नहीं किया जाता। वर्तमान में कार्य कर रहे पुलिस कर्मचारी उनको महत्व नहीं देते, जबकि इस महकमे में ही उन्होंने दशकों गुजारे हैं। उन्होंने पुलिस की टोपी को कर्मचारियों की ओर से सही ढंग से इस्तेमाल न किए जाने पर भी चिंता जाहिर की।
उन्होंने कहा कि पुलिस की टोपी को सही ढंग से पहना जाना चाहिए। इसको पूरा सम्मान दिया जाना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय मीनाक्षी, डीएसपी पांवटा वीर बहादुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
-------