जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में हुआ हिमपात।
- फोटो : NAHAN
नौहराधार (सिरमौर)। धार्मिक एवं पर्यटन स्थल चूड़धार में सीजन के पहले हिमपात के बाद चोटी पर जाने वाले दोनों रास्ते बंद हो गए हैं। चूड़ेश्वर सेवा समिति प्रबंधन ने भी श्रद्धालुओं और ट्रैकरों से चूड़धार की यात्रा पर न आने की अपील की है। रविवार को सिरमौर जिला के चूड़धार पर्वत शृंखला पर लगभग आधा फीट हिमपात हुआ।
सोमवार को मौसम साफ रहने के चलते बर्फ से ढकी चूड़धार चोटी चांदी की तरह चमकती दिखाई दी। वहीं क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। पहले हिमपात के बाद बंद होने वाले शिरगुल महाराज मंदिर चूड़धार के कपाट परंपरा के अनुसार अब अप्रैल माह में खुलेंगे।
गौरतलब है कि चूड़धार में सड़क, हेलीपेड और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं न होने के चलते हिमपात के दौरान साल में करीब छह माह यहां यात्रा बंद रहती है। साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौहराधार-चूड़धार के लिए अब तक अधिशासी अभियंता संगड़ाह को नाबार्ड से स्वीकृत बजट उपलब्ध होना शेष है।
चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने रास्ते बंद होने के कारण श्रद्धालुओं और ट्रैकर से चूड़धार की यात्रा पर न करने की अपील की है।