स्कूल, कॉलेजों और सामुदायिक केंद्रों में टीम करेगी जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। 14वीं एनडीआरएफ बटालियन, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र, नालागढ़ से निरीक्षक प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में 21 सदस्य टीम जिले के भ्रमण पर पहुंची। टीम फरवरी ने नाहन, पांवटा साहिब, कफोटा, शिलाई संगडाह, राजगढ़ एवं पच्छाद उप-मंडलों के विद्यालयों, महाविद्यालय सामुदायिक केंद्रों, बस अड्डा एवं आपदा से प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेगी। इस दौरान लोगों को आपदाओं से बचाव और सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
यह जानकारी उपायुक्त सुमित खिमटा ने नाहन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और एनडीआरएफ की टीम के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की ओर से क्षेत्र परिचय अभ्यास के दौरान समुदाय जागरूकता कार्यक्रम, आपदा उपकरणों के बारे में जानकारी, आपदाओं के बारे में विस्तृत रूप से जनता को जागरुक एवं अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर भूकंप, जंगल की आग, बर्फबारी, सड़क दुर्घटनाएं, सूखा व अन्य प्रकार की प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के प्रति संवेदनशील है।
खिमटा ने जिले के सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब भी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम उनके उपमंडल में पहुंचे तो उन्हें सहयोग के साथ-साथ उपमंडल में घटित होने वाली आपदाएं जैसे बादल फटना, आगजनी एवं भूस्खलन जैसी स्थिति से भी अवगत करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनता में आपदाओं के प्रति जागरूकता पैदा करना, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों तथा पंचायत स्तर पर लोगों को उनके स्थानीय आपदाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना एवं सुरक्षात्मक उपायों को अपनाना शामिल है।
बैठक में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल नालागढ़ से निरीक्षक प्रवीण कुमार, उप निरीक्षक अशोक चंद रमोला, जिला राजस्व अधिकारी चेतन चौहान, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ राजन कुमार शर्मा, सहित एनडीआरएफ के अन्य जवान भी मौजूद रहे।