मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन महिला का हीमोग्लोबिन था आठ ग्राम
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर उनकी जान बचाने में रक्तदाता अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में नाहन के नादिम अली ने मेडिकल कॉलेज नाहन में उपचाराधीन एक महिला मरीज को ए पॉजिटिव रक्तदान कर जीवनदान दिया।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज नाहन के स्त्री रोग विभाग से ड्रॉप्स ऑफ होप सोसायटी सिरमौर को सूचना मिली थी कि तहसील पांवटा साहिब के नाईवाला गांव की एक महिला मरीज की हालत गंभीर है। मरीज का हीमोग्लोबिन आठ ग्राम था और ऑपरेशन से पहले उसे ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी।
सूचना मिलते ही सोसायटी के सदस्य नादिम अली से संपर्क किया गया। उन्होंने बिना देरी किए महज 10 मिनट में मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। इससे जरूरतमंद महिला मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका। इस सराहनीय कार्य के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमोद सिंह ने नादिम प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।