पुलिस अधीक्षक से मिले लोग, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भीम आर्मी एकता मिशन के बैनर तले रेणुका क्षेत्र के लोगों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से नाहन में मिला। धारटारन निवासी रमेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र भी दिया। रमेश कुमार ने बताया कि सिरमौर के धारटारन का स्थायी निवासी है। बेटे अभिषेक पर कुछ लड़कों ने जातिसूचक गाली-गलौज कर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह बुरी तरह से घायल हुआ है और नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। रमेश कुमार ने कहा कि इस घटना पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल भीम आर्मी एकता मिशन से सुरेंद्र धर्मा ने बताया कि मामले को लेकर क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण है और पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। मारपीट के सुबूत वीडियो में हैं। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।