नाहन मेडिकल कॉलेज में तीन माह से वेतन न मिलने पर परेशान आउटसोर्स कर्मचारी।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में आउटसोर्स पर सेवाएं दे रहे तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन कर्मचारियों ने कॉलेज प्रशासन पर समय पर वेतन नहीं देने के आरोप लगाए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि बीते वर्ष कोविड काल के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी तैनाती की गई थी। वार्ड ब्वाय और चपरासी के तौर पर कार्य कर रहे आउटसोर्स कर्मी नागेंद्र, रामलाल, विनय, जसमीत, मनिंद्र, फतेह सिंह, मनोज और अशोक ने बताया कि उन्हें तीन माह के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस संदर्भ में मेडिकल कॉलेज प्रशासन से भी मिल चुके हैं, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कोविड काल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया। बावजूद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उन्हें अपने घर का खर्चा चलाने में भी दिक्कत आ रही है।
कर्मियों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन हर तीन माह बाद ही वेतन देता है और जो वेतन मिलता है, वह दो महीनों का होता है। एक महीने का वेतन फिर भी बकाया रह जाता है। कर्मियों ने कहा कि अब जब त्योहार सिर पर है, कॉलेज प्रशासन ने अभी तक तीन माह का बकाया वेतन नहीं दिया है। ऐसे में उनके पास ओर कोई विकल्प नहीं है। कर्मियों ने कॉलेज प्रशासन से जल्द से जल्द वेतन देने की मांग उठाई है। उधर, मेडिकल कालेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल कौशिक ने कहा कि प्रबंधन की ओर से कंपनी को लिखा गया है, जल्द ही आउटसोर्स कर्मियों को उनके वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।