किट्टा गांव में वित्तीय जागरूकता शिविर में मौजूद ग्रामीण। स्रोत : बैंक
-राज्य सहकारी बैंक की लाना चेता शाखा ने चलाया वित्तीय साक्षरता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राज्य सहकारी बैंक की लाना चेता शाखा की ओर से गांव किट्टा में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के सही इस्तेमाल, बचत के महत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभ बताए गए। साथ ही बैंक खातों के माध्यम से सुरक्षित लेन-देन करने, ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बैंक प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते जोखिमों के प्रति सतर्क करते हुए लोगों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपना ओटीपी, एटीएम संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय बैंकिंग विवरण किसी से साझा न करें।-