लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे अधिकारी, नहीं पाया गया अवैध खनन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन के सलानी कटोला में चल रहे स्टोन क्रशर का वीरवार को एसडीएम की अगुवाई में खनन और वन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
दरअसल, क्षेत्र के ग्रामीणों ने यहां अवैध खनन करने की शिकायत दो दिन पहले उपायुक्त सिरमौर से की थी। वीरवार को एसडीएम नाहन रजनेश कुमार, जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा समेत वन विभाग के परिक्षेत्राधिकारी राजेंद्र ने मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत सलानी कटोला की प्रधान अनीता देवी, पंचायत सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायत प्रधान और शिकायतकर्ताओं ने निरीक्षण के दौरान बताया कि जिस जगह लीज होल्डर की ओर से कच्चा माल उठाया जा रहा है, वह गलत है। शिकायतकर्ता रामकुमार, बबल, नरेश, राकेश, ओम प्रकाश और रोहित ने बताया कि खनन के कारण उनके घरों को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार खनन चलता रहा तो उनकी जमीन और मकानों को नुकसान हो सकता है।
अधिकारियों ने खनन से होने वाले नुकसान को लेकर जांच की है। एसडीएम ने दोनों पक्षों को मंगलवार को मुख्यालय बुलाया है।
एसडीएम नाहन रजनेश कुमार ने बताया कि वीरवार को निरीक्षण किया गया है। प्राथमिक जांच में अवैध खनन नहीं पाया गया है। फिर भी मामले की जांच जारी है। दोनों पक्षों को मंगलवार को कार्यालय बुलाया गया है।
जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा ने बताया कि लीज होल्डर की ओर से किसी भी तरह का अवैध खनन नहीं की जा रहा है। यदि नियमों से बाहर खनन किया जाएगा तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।