एसटी प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने पर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। सतौन में वीरवार को युवा मंडल के सदस्यों ने एसटी प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जाने पर सरकार के विरोध में रैली निकाली। इस दौरान 24 और 25 दिसंबर को अनशन करने का भी फैसला लिया गया। इससे पहले युवा मंडल के अध्यक्ष तरुण शर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। युवा मंडल अध्यक्ष तरुण शर्मा ने कहा कि केंद्र सकरार ने ट्रांसगिरि क्षेत्र की 154 पंचायतों के हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा दिया है।
केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा से कानून को पास कर राष्ट्रपति से आखिरी मुहर लगाकर प्रदेश सरकार को भेजा है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार अब तक अधिनियम को लागू नहीं कर पाई है। न ही एसटी प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं। ट्रांसगिरि इलाके की 154 पंचायतों के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
युवा मंडल के सदस्यों ने बैठक के बाद पहाड़ी गली से बस अड्डे तक रैली निकाली। युवाओं ने हाटी एकता जिंदाबाद, हाटी मांगे अपना हक के नारों से सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया।
इस दौरान पंचायत पूर्व प्रधान रजनीश चौहान, मदन सिंह, खजान सिंह, दिनेश चौहान, सुनील चौहान, संजय नेगी, रोहित चौहान, देवेंद्र, धनबीर सिंह संजू,चमन लाल आदि मौजूद रहे।