नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के समीप बिरोजा फैक्टरी के सामने स्थित एक नामी मार्ट में घटिया किस्म का नमक मिलने के खुलासे के बाद वीरवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने दबिश दी। सहायक आयुक्त डा. अतुल कायस्था की अगुवाई में विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान विभाग ने कालाअंब से मोबाइल टेस्टिंग वैन मौके पर बुलाकर 23 सैंपलों की जांच की। साथ ही 8 अन्य सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला के लिए भेजा।
इस दौरान विभाग ने शहद, काजू कतरी, बरफी, लाल मिर्च पाउडर, शक्कर, घी, हल्दी, सेंधा नमक, मस्टर्ड आयल, सॉस, चटनी व मिठाई के सैंपल की मौके पर ही जांच की, जिसमें काजू कतरी में स्टार्च की मात्रा पाए जाने के कारण खराब मिली। इसके अलावा सौंफ, राक साल्ट, सिंथेटिक फूड कलर, इलायची दाना, टाटा नमक, ब्रेड क्रंब्स, कलर्ड शूगर उत्पादों के आठ सैंपल भी जांच के लिए भेजे। मौके पर ब्रेड क्रंब्स के पैकेट में कीड़े पाए गए। लिहाजा, विभाग ने ब्रेड क्रंब्स के पूरे स्टाक को सील किया है। साथ ही नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं।
बता दें कि यहां पर टाटा के नाम पर घटिया नमक मिलने के बाद पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीन दिन पहले इस मार्ट में एक शिकायत पर टाटा कंपनी के आपरेशनल एरिया मैनेजर रवि सिंह ने मौके पर 18 कट्टों में टाटा के पैकेट में घटिया नमक बरामद किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना नाहन में कापीराइट एक्ट में मामला दर्ज कराया। लिहाजा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी इस दिशा में आगामी कार्रवाई अमल में लाई। वीरवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डा. अतुल कायस्था ने बताया कि वीरवार को टीम के साथ मौके पर मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन से 23 सैंपल भरे हैं, जिसमें काजू कतरी मिस ब्रांडेड पाई गई है। जबकि, ब्रेड क्रंब्स के पैकेट में कीड़े मिले। उन्होंने बताया कि आठ अन्य सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।