कालाअंब के इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर दोनों तरफ लगी वाहनों की लाइन। संवाद
- फोटो : NAHAN
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में वीरवार को भी पेट्रोल-डीजल का संकट बरकरार रहा। एचपीसीएल के पंपों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि इंडियन ऑयल के पंपों पर भीड़ रही। औद्योगिक क्षेत्र में तेल संकट की स्थिति से जूझ रहे उपभोक्ताओं ने अब कालाअंब के साथ सटे पड़ोसी राज्य हरियाणा के पेट्रोल पंपों की ओर रुख कर लिया है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा में पेट्रोल हिमाचल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा है। लिहाजा, हिमाचल के ग्राहकों को तेल संकट के चलते पेट्रोल दो रुपये प्रति लीटर और डीजल पांच रुपये महंगा खरीदने पर विवश होना पड़ रहा है। कालाअंब निवासी सुभाष, जीवन लाल, पप्पू, चिरंजीव, याद राम, चरनजीत, प्रिंस, रामसिंह, अश्वनी, चेतन और हिमांशु ने बताया कि कालाअंब और मोगीनंद में मात्र दो पेट्रोल पंपों पर ही तेल मिल रहा है। तीन अन्य पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं। इस कारण सारा भार दो पंपों पर पड़ रहा है। जबकि इन पंपों पर तेल की आपूर्ति पहले जितनी ही हो रही है। ऐसे पंपों पर तेल की मांग बढ़ गई है, लेकिन आपूर्ति कम है। इसलिए अब उन्हें अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने हरियाणा के पंपों पर जाना पड़ रहा है और दो रुपये प्रति लीटर महंगा पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले तक हिमाचल में पेट्रोल और डीजल सस्ता होने के कारण हरियाणा के लोग तेल के लिए हिमाचल के पंपों पर आ रहे थे, लेकिन आज स्थिति उलट हो गई है। अब उन्हें तेल के लिए हरियाणा के पंपों पर रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इस तेल संकट से उबरने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की परेशानी कम हो सके।
.....
कालाअंब के इंडियन ऑयल पंप पर वाहनों की कतारें
मोगीनंद फिलिंग स्टेशन के संचालक निखिल पुंडीर ने बताया कि इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के पास पर्याप्त तेल भंडार है, लेकिन ट्रांसपोर्टेशन के लिए टैंकर की कमी हो गई है। एचपीसीएल के पंप बंद होने से पेट्रोल व डीजल की अतिरिक्त मांग बढ़ गई है। जबकि टैंकरों की कमी के चलते आपूर्ति मांग की अपेक्षा कम हो रही है।