नाहन (सिरमौर)। सिविल अस्पताल सराहां में लोगों को अब पहले से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन ने अस्पताल के नए इंडोर कांप्लेक्स में बनाए गए कोरोना समर्पित केंद्र की अधिसूचना को रद्द कर दिया है।
उपायुक्त सिरमौर ने अधिसूचना जारी करते हुए इस केंद्र में आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए हैं। अधिसूचना रद्द होनेे के बाद सिविल अस्पताल सराहां के नए इंडोर कांप्लेक्स में व्यवस्था स्थापित करने का कार्य भी अस्पताल प्रबंधन ने शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत 4 मई 2020 को सिविल अस्पताल सराहां के नए इंडोर कांप्लेक्स में कोरोना समर्पित केंद्र बनाया गया था।
वर्ष 2022 में कोरोना संक्रमण के मामले काफी कम हो गए हैं और कोरोना समर्पित केंद्र में बीते छह महीने से कोई संक्रमित दाखिल नहीं किया जा रहा था। उधर, पुराने भवन में चल रहे अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक बढ़ने से स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करना अस्पताल प्रबंधन के लिए मुश्किल हो रहा था। इस मामले को लेकर अमर उजाला समाचार पत्र ने 6 जून के अंक में ‘सराहां अस्पताल में रद्द न हो सकी कोरोना समर्पित केंद्र की अधिसूचना’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद उपायुक्त सिरमौर ने केंद्र की अधिसूचना रद्द कर इसमें आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस भवन में 42 बिस्तर स्थापित किए गए हैं। अब यहां उपचार करवाने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने बताया कि सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले अब काफी कम हैं। सराहां के कोरोना समर्पित केंद्र में कोई भी मरीज दाखिल नहीं किया जा रहा है। ऐसे में केंद्र की अधिसूचना रद्द कर इसे आम लोगों की सुविधा के लिए चालू कर दिया गया है।
नए भवन में जल्द शुरू होगा मरीजाें का उपचार
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से कोरोना समर्पित केंद्र की अधिसूचना रद्द कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नए भवन में व्यवस्थाएं स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही नए भवन में मरीजों का उपचार किया जाएगा।