नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा में वीरवार को 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को को-वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात टीकाकरण केंद्र बनाए गए। इस दौरान 606 किशोरों का टीकाकरण किया गया। इसमें 575 किशोरों को दूसरी डोज, जबकि 31 को पहली डोज लगाई गई।
जिले में दो दिन से लगातार बारिश के चलते टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। बीते बुधवार को जहां 1530 बच्चों को पहली और दूसरी डोज लगाई गई, वहीं वीरवार को 867 और शुक्रवार को केवल 606 किशोरों को पहली और दूसरी डोज लगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कॅरिअर अकादमी नाहन, कारमल कान्वेंट स्कूल, आर्मी स्कूल नाहन, जिला आयुष अस्पताल, होली हार्ट, स्वास्थ्य उपकेंद्र कालाअंब और मोगीनंद स्कूल में बनाए गए केंद्रों पर टीकाकरण किया गया।
बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि धगेड़ा स्वास्थ्य खंड में सात केंद्रों पर किशोरों को टीका लगाने बुलाया गया था। इस दौरान शुक्रवार को 606 बच्चों को वैक्सीन लगी। इनमें 575 को दूसरी और 31 बच्चों को पहली डोज लगी। उन्होंने बताया कि पहली डोज लगा चुके किशोरों को 28 दिन बाद दूसरी डोज लगाई गई।
---
आज पांच टीकाकरण केंद्रों पर लगेगी वैक्सीन
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत पांच टीकाकरण केंद्रों पर किशोरों को को-वैक्सीन लगाई जाएगी।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को आयुष अस्पताल, नवोदय विद्यालय नाहन, अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल नाहन, सिविल अस्पताल ददाहू और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूवाला में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर को-वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज नाहन और सैनवाला में कोविशील्ड लगाई जाएगी।
------
कोविड अस्पताल में 18 मरीज दाखिल
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के कोविड अस्पताल में 18 कोरोना संक्रमित मरीज उपाचाराधीन हैं। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्याम लाल कौशिक ने बताया कि कोविड अस्पताल में 18 मरीज दाखिल हैं। सभी मरीजों का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा है। एक मरीज स्वस्थ हुआ है।