नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना से ददाहू इलाके की 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला ने मेडिकल कॉलेज नाहन में दम तोड़ा। जानकारी के अनुसार महिला को सांस लेने में परेशानी और अस्थमा की शिकायत के चलते मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया था। इस दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लिहाजा, कोविड नियमों का पालन करते हुए मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि लंबे समय बाद सिरमौर जिला में कोरोना से मौत का मामला सामने आया है। सिरमौर जिले में कोरोना से अब तक 222 लोगों की जान गई है। मेडिकल कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. श्याम लाल कौशिक ने कोरोना से 65 वर्षीय महिला की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला के संपर्क में आए लोगों के कोविड टेस्ट किए जा रहे हैं।
---
जिले में कोरोना संक्रमण के 30 नए मामले, 41 मरीज हुए स्वस्थ
नाहन (सिरमौर)। जिले में कोरोना के 30 नए मामले आए हैं, जबकि 41 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 291 सैंपलों की जांच की जिसमें से 30 लोग संक्रमित मिले हैं। आरटीपीसीआर के अंतर्गत लिए गए 65 सैंपलों में से पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के तहत 226 सैंपलों की जांच की गई इनमें से 25 लोग संक्रमित, जबकि 201 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि बुधवार को 30 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने लोगों से कोविड नियमों का पालन और जांच करवाने की अपील की है।
-----
सिरमौर में 2,648 लोगों ने लगवाई बूस्टर डोज
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला में बुधवार को 2,648 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई। सबसे अधिक स्वास्थ्य खंड राजपुर में 1,436 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके अलावा धगेड़ा खंड में 801, पच्छाद में 229, राजगढ़ में 17 और संगड़ाह में 165 लोगों को स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बूस्टर डोज लगाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि जिले में बूस्टर डोज लगाने का कार्य जारी है। स्वास्थ्य संस्थानों के टीकाकरण केंद्रों के अलावा मोबाइल टीमों के माध्यम से भी बूस्टर डोज लगाई जा रही है। बुधवार को 2,648 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई।