पांवटा साहिब (सिरमौर)। प्रदेश सचिवालय में आशा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध और लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को आशा कार्यकर्ता संघ की पांवटा इकाई ने पांवटा साहिब में धरना प्रदर्शन किया। संघ पदाधिकारियों ने लाठी चार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की।
एसडीएम पांवटा कार्यालय के बाहर आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इंटक के जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा एवं आशा कार्यकर्ता पांवटा इकाई अध्यक्ष राजबाला ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की ओर से अपनी मांगों को लेकर हिमाचल सचिवालय के सामने शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जा रहा था। पुलिसकर्मियों ने आशा वर्कर संघ और प्रदेश से आए विभिन्न कर्मचारियों के ऊपर लाठी चार्ज किया। इस दौरान संघ की प्रदेश महामंत्री शशि लता, यशपाल हेटा और अन्य घायल हो गए। उन्होंने लाठी चार्ज के निर्देश देने वाले पुलिस अधिकारी और घटना में शामिल पुलिस कर्मचारियों को निलंबित करने की मांग की।
इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने आशा वर्करों के लिए ठोस नीति बनाने, वेतनमान कम से कम 18 हजार करने का आग्रह किया। इस मौके पर अनीता, पूनम, महिंद्रा, बबली देवी, संतोष, साबरी, कमलेश, श्यामा, रजनी, तेजको, मेहंदी, रेनू, किरणबाला, कमला, राजरानी, सविता, संगीता, गुरशरण कौर, जसविंदर कौर, किरण, रंजना, राजेश, वर्षा, रुबीना, लता ,सरोज, अर्चना, छिंदर कौर, शबाना, बलजीत कौर, नीतू कुमारी, सोम लता, कमलेश समेत आशा वर्कर मौजूद रहीं।