हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के सड़क दुर्घटना में मरे फौजी बलबीर ठाकुर।
- फोटो : NAHAN
शिलाई (सिरमौर)। उपमंडल में मोटरसाइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल शिलाई के आरआर रेजिमेंट के जवान की आर्मी अस्पताल चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई है। जवान की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गौरतलब हो कि 15 जनवरी को शिलाई के झकांडो का 25 वर्षीय जवान बलवीर ठाकुर 15 जनवरी को फौज से छुट्टी लेकर पांवटा से मोटरसाइकिल पर घर जा रहा था कि एनएच 707 पर खनार के समीप उनकी मोटरसाइकिल हादसे की शिकार हो गई।
बताया जा रहा है कि पांवटा साहिब पहुंचने के बाद बलवीर ठाकुर ने अपना सामान बस में रखवाकर खुद निजी मोटरसाइकिल लेकर घर की तरफ रवाना हुए थे। इस दौरान बलवीर ठाकुर रास्ते में अपने सगे-संबंधियों और दोस्तों से मिलते हुए घर की ओर निकलता रहा। क्षेत्र की सर्द हवाएं एवं हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच मोटरसाइकिल पर सवार फौजी बलवीर ठाकुर खनार के समीप गहरी खाई में दूसरे दिन गिरा मिला। जब वह घर नहीं पहुंचा तो पूरी रात उसे ढूंढने के प्रयास किए गए। जब वह कहीं न मिला तो आर्मी कार्यालय संपर्क किया गया, जहां से लोकेशन भेजी गई। उसके बाद दूसरे दिन गहरी खाई में घायल अवस्था में पड़े बलवीर ठाकुर को पहले शिलाई अस्पताल लाया गया। इसके बाद घायलावस्था में नाहन, पीजीआई चंडीगढ़ और बाद में आर्मी अस्पताल चंडी मंदिर पहुंचाया गया। सिर पर गहरी चोटें होने के कारण 15 दिन बाद फौजी जवान जिंदगी की जंग हार गया है।
बलबीर ठाकुर 28 जनवरी 2016 को आरआर रेजिमेंट में भर्ती हुआ था। अक्टूबर 2018 में उनकी शादी फुलमा देवी से हुई थी। उनके पास तीन महीने की मासूम बेटी है। वर्तमान में जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आर्मी बटालियन के साथ ड्यूटी पर तैनात था।
फौजी बलवीर सिंह के पिता मोहन सिंह और माता सूखा देवी ने बताया कि पंचायत झकांडो में अपने बड़े भाई को प्रधान बनाने के लिए छोटा बेटा फौज से छुट्टी लेकर घर आ रहा था लेकिन घर पहुंचने से पूर्व वह दुर्घटना का शिकार हो गया। अब जवान की मौत से पत्नी फुलमा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। बेटी के सर पर पिता का साया उठ गया है।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. केके पराशर ने बताया कि फौजी बलबीर ठाकुर का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। उनकी कोशिश रहेगी कि जल्द शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को दिया जाए।
................