नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में सोमवार को सभी रूटों पर सरकारी बसों की सेवाएं जारी रहेंगी। हालांकि, पहले बस सेवाओं को बंद रखने का निर्णय लिया गया था लेकिन कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बाद बसें न चलाने के फैसले को रद्द किया गया है।
इसको लेकर हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के पदाधिकारियों की सोमवार शाम बैठक बुलाई गई है। लिहाजा, सोमवार को जिलेभर में बसों की सेवाएं जारी रहेंगी। इस बीच बसों की समयसारिणी में थोड़ा बहुत बदलाव हो सकता है क्योंकि बसें जिले के विभिन्न रूटों पर खड़ी हैं। ऐसे में चालक और परिचालकों के बसों तक पहुंचने में समय लग सकता है जिससे बसों के निर्धारित समय पर पहुंचने में वक्त लगेगा है।
वहीं, रविवार को दिनभर मांगों को लेकर संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के पदाधिकारियों की चर्चा जारी रही। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि निगम प्रबंधन की ओर से हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के साथ किए गए समझौतों पर अमल नहीं किया गया है। उनकी लंबित मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। कर्मियों का कहना है कि जनवरी 2016 से 13 प्रतिशत अंतरिम राहत, 15 प्रतिशत डीए, 32 महीनों का नाइट ओवर टाइम, पेंशन, ग्रेच्युटी, लीव इन्कैशमेंट, जीपीएफ समेत एरियर का 500 करोड़ रुपये के वित्तीय भुगतान लंबित हैं।
कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा पीस मील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध पर लाना, चालकों का पूर्व की भांति 9880 रुपये का आरंभिक वेतनमान बहाल करना, निजी रूट परमिट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना और बेवजह कर्मचारियों को प्रताड़ित और उकसाने के लिए की गई कार्रवाई को रद्द करना जैसी मांगों पर भी निगम प्रबंधन ने गौर नहीं किया है।
इन विषयों को लेकर कर्मचारियों ने एक दिवसीय काम छोड़ आंदोलन का फैसला लिया था, जिसे फिलहाल स्थगित कर दिया है। मुख्य बस अड्डा प्रभारी सुखराम ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को बसों की सेवाएं जारी रहेंगी। बसों की सेवाओं में समय का थोड़ा फर्क पड़ सकता है।