नाहन (सिरमौर) । हिमालयन जन कल्याण एवं संस्कृति मंच (हिमजनक मंच) ने जिला परिषद भवन नाहन में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से पहाड़ी सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया। उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौतम ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
उपायुक्त ने कहा कि लोक संस्कृति का संरक्षण करना जरूरी है ताकि यह विलुप्त न हो। खासकर युवा वर्ग का लोक संस्कृति के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। हिमजनक मंच के अध्यक्ष केएस नेगी और वरिष्ठ नागरिक कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष ओमपाल चौहान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस मौके पर स्वर्गीय मोहन लाल अग्रवाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद पहाड़ी सांस्कृतिक उत्सव शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत वंदे मातरम से की गई। पहाड़ी उत्सव में मशवाड़ कसेणु के कलाकारों ने तलवार नृत्य प्रस्तुत किया। बाउनल लोक नृत्य दल ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से समा बांधा। चकराता जौनसारी लोकनृत्य को भी उपस्थित दर्शकों ने काफी सराहा। मंच संचालन लायक राम शर्मा ने किया।
इस अवसर पर हिमजनक मंच की ओर से वरिष्ठ नागरिक एसएस शर्मा, बीआर शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बलदेव ठाकुर, बीआर नेगी, जयपाल शर्मा, संजीव ठाकुर, मनीष जैन, विरेंद्र अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. एसके सबलोक, बीर सिंह , अजय जिंदल, वेद प्रकाश, कमला नेगी, विरेंद्र सिंह, संतोष राणा, केएस राणा, गुमान वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।