स्वास्थ्य विभाग ने नाहन में निकाली जागरुकता रैली
डेंगू, मलेरिया और हेपेटाईटिस से बचाव की दी जानकारी
सीएमओ डॉ. अमिताभ जैन ने रैली को किया रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बरसात के मौसम के दौरान होने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नाहन में जागरुकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताभ जैन ने सीएमओ कार्यालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं शामिल हुईं।
इस दौरान नाहन शहर के विभिन्न हिस्सों से रैली निकाली गई। इसमें डेंगू, डायरिया, मलेरिया, हेपेटाइटिस और अन्य जलजनित रोगों के लक्षण और बचाव के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को नारे और स्लोगन के माध्यम से इन रोगों के बारे में जानकारी दी गई।
रैली में शामिल सदस्यों ने लोगों से घरों के समीप गड्ढों में पानी एकत्रित न होने, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने, उबला हुआ पानी पीने और खुले में लगाई गई खाद्य वस्तुओं के सेवन न करने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताभ जैन ने बताया कि मुख्य रूप से मानसून सीजन के दौरान डेंगू, डायरिया, हेपेटाइटिस व जलजनित रोगों के फैलने की संभावना रहती है। इसके लिए जागरुकता अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष नाहन में सबसे ज्यादा डेंगू के मामले दर्ज हुए थे। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि अभी डेंगू का कोई मामला पंजीकृत नहीं है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।
....संवाद