आयुष्मान आरोग्य केंद्र गौंत में मरीजों के स्वास्थ्य जांच करते डॉ. वैभव । संवाद
-डॉ. वैभव और सीएचओ जय ललिता की टीम ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर गौंत में शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉ. वैभव और सीएचओ जय ललिता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
शिविर में 25 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। जांच के दौरान उच्च रक्तचाप का एक नया और दो पुराने, जबकि मधुमेह का एक नया और एक पुराना मरीज चिह्नित किया गया। सभी मरीजों को नियमित उपचार एवं जीवनशैली में सुधार संबंधी सलाह दी गई। शिविर में 12 लोगों ने ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श लिया। वहीं दो संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने टीबी जांच के लिए भेजे गए।
डॉ. वैभव और सीएचओ जय ललिता ने ग्रामीणों को मानसून के दौरान फैलने वाले जल जनित रोगों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से उबला या स्वच्छ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, हाथों की नियमित सफाई करने, किसी भी प्रकार के बुखार, दस्त या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जांच कराने की अपील की।-