गर्मी में धूल व बरसात में कीचड़-गड्ढों के कारण आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण : चौहान
-कहा, 15 अगस्त को आंजभोज क्षेत्र के दौरे में की गई घोषणाएं पूरी करें मंत्री विक्रमादित्य सिंह
-श्री पांवटा साहिब विकास मंच की बैठक के बाद एसडीएम के माध्यम से मंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। श्री पांवटा साहिब विकास मंच की विश्राम गृह में बैठक आयोजित हुई। इस दौरान संपर्क सड़कों की दयनीय हालत को लेकर मंथन किया गया। बैठक के बाद मंच के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पांवटा साहिब के माध्यम से लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ज्ञापन भेजा है। इसमें विगत वर्ष 15 अगस्त को गिरिपार के आंजभोज दौरे के समय की गई घोषणाओं को पूरा करने की मांग उठाई गई है।
श्री पांवटा साहिब विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि 15 अगस्त 2025 को गिरिपार आंजभोज क्षेत्र के दौरे के दौरान की गई घोषणाएं मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने की। इससे आंजभोज क्षेत्र की जनता में नई आशा एवं विश्वास का संचार हुआ था, लेकिन अत्यंत खेद के की बात है कि एक घोषणा को छोड़कर बाकी सभी घोषणाएं आज भी धरातल पर साकार नहीं हो पाई हैं।
मंत्री की प्रमुख घोषणाओं में पुरुवाला-बनौर-तिलोरधार सड़क को एमडीआर में अपग्रेड करना, पुरुवाला-भगानी-डाकपत्थर सड़क का सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, निर्माणाधीन नावघाट-विकासनगर पुल को शीघ्र चालू करवाने, बदहाल हो चुकी किल्लौड़-कलाथा सड़क को पक्का करवाने, भरली-रूदाना सड़क का पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्माण तथा इसे आगे निगाली-तिलोरधार तक विस्तारित करना, विश्वकर्मा चौक-रामपुरघाट सड़क का सुधार और नगर परिषद पांवटा साहिब क्षेत्र के आसपास की सड़कों का सुधार एवं सुदृढ़ीकरण करने का वादा किया गया।
मंच के अध्यक्ष जीएस चौहान, अनुपम सैनी, कुलदीप चौधरी, मामराज चौहान, सुरजीत सिंह और साहिल गुप्ता ने कहा कि अब लगभग एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। पांवटा साहिब की अधिकांश सड़कें वर्तमान में अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। आम जनता को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में धूल तथा बरसात के दौरान कीचड़ एवं गड्ढों के कारण आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाता है। गिरिपार क्षेत्र लंबे समय से अनदेखी का शिकार रहा है। ऐसे में इन घोषणाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी से क्षेत्र की जनता में सरकार के प्रति निराशा एवं असंतोष लगातार बढ़ रहा है।
इसलिए बैठक के बाद इन मांगों को पूरा करवाने के लिए एसडीएम द्विज गोयल के माध्यम से ज्ञापन भेज दिया गया है। इसमें सभी घोषणाओं की विभागीय स्तर पर समीक्षा करवाकर उनके क्रियान्वयन हेतु स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने तथा सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ करवाने की मांग रखी है।-