नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। यूक्रेन में फंसे एमबीबीएस प्रशिक्षुओं के घर लौटते ही परिजनों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। कहीं, माता-पिता अपने बच्चों को गले लगाकर रो दिए तो कहीं केक काटकर बच्चे की घर वापसी की खुशी मनाई।
नाहन का अभिनव जैसे ही रात के समय घर पहुंचा तो परिजनों ने केक काटकर जश्न मनाया। ओमप्रकाश सैनी के बेटे अभिनव सैनी चार दिन से रोमानिया में फ्लाइट की इंतजार में थे लेकिन यहां तक का सफर उनका काफी चुनौतियों भरा रहा। दो रातें और दो दिन यूक्रेन बार्डर पर बर्फबारी के बीच काटे। आठ किलोमीटर का पैदल सफर किया। रोमानिया पहुंचने के बाद भारतीय अंबेंसी में उन्हें राहत मिली। दिल्ली पहुंचने के बाद परिजन बेटे को लेने चंडीगढ़ पहुंचे। बीती रात अभिनव अपने घर पहुंचा जहां उसका परिजनों ने खूब स्वागत किया।
वहीं नाहन की खुशबू भी भारत पहुंच गई हैं। वह अभी अंबाला में अपने रिश्तेदार के पास है, जिसे लेने उसके परिजन भी अंबाला पहुंचे हैं। खुशबू ने बताया कि उन्होंने रोमानिया बार्डर की तरफ रुख करना सुरक्षित समझा। रोमानिया में वह चार दिन रहीं। यहां टेंट के बीच भी दिन काटने पड़े जहां तापमान भी बेहद कम था। खुशबू ने बताया कि उन्हें खुशी है कि वह घर लौटी हैं। वहीं परिजनों की खुशी का भी कोई ठिकाना नहीं है।
पांवटा साहिब निवासी एमबीबीएस प्रशिक्षु सूरज शर्मा व ध्रुव राघव भी यूक्रेन से पांवटा लौट आए हैं। यूक्रेन में 5 दिन बंकर में गुजारने से लेकर पोलैंड बार्डर पहुंचने तक सूरज को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सूरज के पिता विनय कुमार शर्मा, माता बीना शर्मा, बहन डॉ. प्रीति शर्मा व मौसी मंजू शर्मा ने बताया कि सूरज के वापस लौटने से बेहद खुश हैं। मौसी मंजू शर्मा ने बताया कि यूक्रेन में 5 दिन तक बंकर में साथियों के साथ फंसा रहा।
रूस के लगातार हमले बढ़ने पर मुश्किल हालातों में किसी तरह साथियों के साथ ट्रेन से सफर व 8 किमी पैदल चल कर पोलैंड सीमा में पहुंचे। कई घंटों तक लाइनों में खड़े रहे। पांवटा पहुंचने पर चिकित्सकों ने सूरज को कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है।
पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में तैनात वरिष्ठ डॉक्टर एवी राघव ने बताया कि शुक्रवार देर रात को बेटा ध्रुव राघव घर पहुंच गया है। रोमानिया बार्डर से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भारतीय दूतावास के सहयोग से एक हॉस्टल में रखा गया था। फिर फ्लाइट से रोमानिया से भारत पहुंचे।
यूक्रेन से घर लौटे अभिनव सैनी को केक खिलाते उनके परिजन।- फोटो : NAHAN
यूक्रेन से अपने घर पांवटा साहिब लौटे एमबीबीएस छात्र सूरज शर्मा अपनी बहन व मौसी के साथ।- फोटो : NAHAN
यूक्रेन से घर लौटने पर नाहन में बेटे अभिनव सैनी के साथ केक काटते परिजन।- फोटो : NAHAN