पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा क्षेत्र में धार्मिक उन्माद फैलाने के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को शुक्रवार को पांवटा साहिब की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस इन दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी। इनमें एक आरोपी पंचायत प्रधान है, जबकि दूसरा पूर्व बीडीसी।
उधर, सांप्रदायिक तनाव के बाद बने हालात और मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी गहनता से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद अभी इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। बता दें कि 17 मई की देर रात धार्मिक आस्था पर अभद्र टिप्पणी करने पर एक समुदाय के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी को लेकर माजरा पुलिस थाने के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया, इसके बाद डीएसपी पांवटा के नेतृत्व में एसआईटी गठित हुई।
इसके बाद जांच टीम ने धार्मिक उन्माद फैलाने के मामले में एक पंचायत प्रधान और पूर्व बीडीसी सदस्य को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। पांवटा साहिब अदालत ने इन आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके बाद जांच टीम आरोपियों से कड़ी पूछताछ में जुट गई है। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि अदालत में पेश करने पर दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी।