सराहां (सिरमौर)। सराहां बाजार में शुक्रवार को शातिरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरत की बात है कि चोरों ने पुलिस थाना के महज 300 मीटर दूर एक घर से लाखों रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सराहां निवासी धनीराम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हर रोज की तरह वे और उनकी पत्नी सुबह 10:00 बजे घर में ताला लगा कर ड्यूटी पर चले गए। दोपहर में जब खाना खाने घर आए तो गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था और नकदी तथा जेवरात गायब थे। इसके अलावा चोरों ने एटीएम और पैनकार्ड भी चोरी कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि करीब 15 लाख के गहने और 60 हजार की नकदी चोरी हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी बलदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी भीष्म सिंह ठाकुर ने भी मौके का मुआयना किया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम गठित कर दी गई है। मामले में साइबर और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ली जाएगी।