मेडिसन ओपीडी में उपचार के लिए फर्श पर बैठकर इंतजार करते मरीज। संवाद
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। मेडिकल कॉलेज नाहन में मरीजों का मर्ज कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां पर पहले तो मरीजों को पर्ची के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। इसके बाद जब पर्ची बन जाती है तो उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
मेडिसिन ओपीडी में मरीजों को खड़े और फर्श पर बैठकर बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। वीरवार को भी मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन ओपीडी में भारी भीड़ रही। रेणुका जी निवासी अनिल कुमार, शिलाई निवासी रमा देवी और ढाबों मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें बैठने के लिए जगह नहीं मिली। पहले तो पर्ची बनवाने के लिए ही लंबा इंतजार करना पड़ा।
गौरतलब है कि इन दिनों वायरल फीवर, संक्रमण, डायरिया और उल्टी-दस्त के रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ। इसके चलते मेडिसिन ओपीडी में पहले के मुकाबले भीड़ बढ़ गई है। मेडिसिन ओपीडी में बैठने के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में भीड़ अधिक होने पर रोगियों को खड़े-खड़े या फर्श पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बलराम धीमान ने बताया कि वायरल फीवर और संक्रमण बीमारियों के चलते मेडिकल कॉलेज में रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन लगातार प्रयासरत है।