-पुलिस ने शिकायत के आधार पर दर्ज किया क्राॅस मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर में शिमला रोड के साथ दो गुटों में बाइक धुलाई को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट हुई। मौके पर आसपास के लोगों व पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत करवाया, लेकिन तब तक दोनों गुटों में पांच लोगों को चोटें आ गईं। पुलिस ने दोनों गुटों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरेंद्र चौहान बाइक की धुलाई कर रहा था जबकि उसका भाई सुरजीत सिंह भी वहां मौजूद था। इस बात को लेकर दीपक मेहता उसके बेटों कार्तिक मेहता व मानस मेहता की उनसे बहस हुई। बहस के बाद दोनों गुटों में मारपीट हुई। मारपीट में सभी पांचों को चोंटें आई हैं।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी को शांत किया। दोनों गुटों की तरफ से शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना नाहन में क्राॅस मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी घायलों का मेडिकल करवा लिया गया है।
संवाद