घरों में घुस गया मलबा-पानी लोगों की बड़ी परेशानी, हादसों की बनी आशंका
ग्राम पंचायत डोबरी सालवाला के अंबीवाला गांव में दोपहरिया खड्ड का पानी-मलबा घुसने से ग्रामीणों की बड़ीं दिक्कतें
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल
अंबीवाला गांव सुरक्षा को क्रेटवाल का प्राक्कलन बनेगा : जितेंद्र ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत डोबरी सालवाला के अंबीवाला में दोपहरिया खड्ड का पानी घरों में पानी घुस गया। बारिश होते ही गांव के लोग घरों, पशुशाला व उपजाऊ भूमि पर पानी व मलबा आने से परेशान हैं।
इस समस्या को लेकर कांग्रेस ब्लॉक इकाई अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला। ग्रामीणों ने फिलहाल जेसीबी से पानी के बहाव को दूसरी तरफ करने व क्रेटवाल देने का आग्रह किया है।
डोबरी सालवाला के ग्राम अंबीवाली निवासी धर्म सिंह, रुपेंद्र सिंह, लज्जा देवी,जैनों देवी, सुमन देवी, कालों देवी, सुनीता देवी, रविना, परमजीत सिंह व ऊमा देवी समेत प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरसात आफत बन कर बरस रही है। बारिश होते ही परिवार सहम जाते हैं और रात की नींद हराम हो गई है। बरसाती खड्ड का पानी अंबीवाला गांव में रिहायशी घरों, रसोई व पशुशालाओं में पानी आ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस बारे में ग्रामीण विधायक व एसडीएम से भी मिल चुके हैं। बरसाती खड्ड से भूमि कटाव व रिहायशी घरों को बचाने के लिए फिलहाल जलशक्ति विभाग से जेसीबी मशीन लगा कर बहाव दूसरी तरफ करने का आग्रह किया है। इसके बाद घरों व भूमि पर लगी फसलों को क्षति से बचाने के लिए शीघ्र ही कोई क्रेटवाल लगाने का ग्रामीणों ने आग्रह किया है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल मिला है। जेसीबी से फिलहाल कार्य करवाया जाएगा। गांव को बरसाती खड्ड से बचाने के लिए क्रेटवाल का प्राक्कलन तैयार करवाया जा रहा है। क्रेटवाल लगने से गांव की भूमि व रिहायशी घरों पशुशालाओं को सुरक्षित किया जा सकेगा।
संवाद
...