नाहन में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने जाते पोका व भटरोग गांव के ग्रामीण।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। पांवटा विस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भटरोग और पोका गांव के लोगों ने एक ग्रामीण पर झूठी शिकायतें करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायतकर्ता की बातों में आकर स्टोन क्रॅशर और नदी वाला रास्ता बंद नहीं करने की मांग की है। अपने आरोपों और मांगों को लेकर इन गांवों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नाहन में उपायुक्त रामकुमार गौतम से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल भगवान सिंह, नैन सिंह, ज्ञाना सिंह, दिनेश कुमार, पंज चौहान, रणदेव सिंह, दलीप सिंह, सुरेंद्र कुमार आदि दर्जनों ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि वह सभी भटरोग और पोका के रहने वाले हैं। उनकी निजी भूमि पर स्टोन कॅशर लगे हुए हैं। इन्हीं स्टोन क्रॅशरों से उनका रोजगार चल रहा है। इन क्रॅशरों पर गांव के दो सौ लोग मजदूरी करते हैं। इसके अलावा कुछ लोगों ने फाइनेंस करवाकर ट्रैक्टर भी ले रखे हैं।
उन्होंने कहा कि सालवाला पुरुवाला आने के लिए वह सभी गिरि नदी का रास्ता पड़ता है। यहां हमारा श्मशानघाट भी है। किसानों की फसल ले जाने के लिए भी यही रास्ता इस्तेमाल होता है। उन्होंने कहा कि सालवाला निवासी प्रदीप चौहान हमारे क्रॅशरों को लेकर झूठी शिकायतें करता रहता है। इस बारे में प्रदीप चौहान से भी बात की गई लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज ही नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की कि प्रदीप चौहान की बातों में आकर उनके क्रॅशरों और नदी वाले रास्ते को बंद नहीं किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा किया गया तो वह सभी इसके विरोध में सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने ज्ञापन की प्रति मुख्य अरण्यपाल, पुलिस अधीक्षक, वन मंडल अधिकारी रेणुका, पंावटा और खनन अधिकारी सिरमौर को भी भेजी है। उपायुक्त रामकुमार गौतम ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए उचित कार्रवाई की बात कही है।