अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका मेला बाजार में दुकानों का निरीक्षण करती खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक ।
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर) अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को दबिश देकर करीब 60 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकानदार के पास पॉलिथीन के लिफाफों की खेप मिलने पर उसका चालान करके 1500 रुपये का जुर्माना वसूल किया। साथ ही अन्य दुकानदारों को भी पॉलिथीन का प्रयोग न करने की हिदायतें दीं।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निरीक्षक पिंकी जिंटा ने बुधवार को मेला बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 60 दुकानों की जांच की। उन्होंने मेले के दौरान प्लास्टिक से बने गिलास, पत्तलें और पॉलिथीन आदि का इस्तेमाल न करने के व्यापारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कुछ दुकानों पर रखे प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलासों को उठवाया लेकिन एक दुकानदार के पास भारी मात्रा में पॉलिथीन लिफाफों की खेप मिलने पर उसका मौके पर ही चालान करके उससे 1500 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। विभाग की इस कार्रवाई से मेला बाजार में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।