नगर परिषद क्षेत्र नाहन के तहत सभी 13 वार्डों में सैकड़ों ट्यूब लाइटों और बड़े बल्बों का प्रयोग हो रहा है। ये 40 वाट से लेकर 400 वाट तक हैं। वहीं, बाजार में सात से 25 वाट तक के एलईडी बल्ब उपलब्ध हैं। प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक एलईडी बल्ब उपलब्ध करवा रही है। इसके बावजूद नगर परिषद नाहन एक साल में लाखों रुपये बिजली के बिल भरकर इस ओर ध्यान नहीं दे रही।
शहर के 13 वार्डों में कम से कम एक हजार से अधिक ट्यूब लाइटें और सीएफएल बल्बों का प्रयोग हो रहा है। ये एलईडी के मुकाबले अधिक वोल्टेज खींचते हैं। इससे नप का मासिक बिल हजारों में आता है। यदि इसके स्थान पर एलईडी बल्ब का प्रयोग हो तो इस बिल पर 50 फीसदी तक की कमी आ सकती है।
शहरवासियों की नए पार्षदों से उम्मीद
नाहन शहर के वार्ड एक निवासी राजेश कौशिक, आशा कौशिक, वार्ड-2 निवासी विकास जैन, संजीव कुमार, वार्ड-3 से वैष्णवी तोमर एवं राघव तोमर, वार्ड-4 ईशान राव, रजनी, वार्ड-5 निवासी निखिल ठाकुर, ज्योति ठाकुर, वार्ड-6 निवासी पिंका कंवर, हेमंत कंवर, वार्ड-7 पूजा गौतम, संजीव पुंडीर, वार्ड-8 निवासी सीमा, योगेश कुमार, वार्ड-9 निवासी संजय चौहान, देवयंती ठाकुर, वार्ड-10 निवासी सुनीता देवी, गीतिका ठाकुर, वार्ड-सोमपाल सिंह, मनप्रीत सिंह, वार्ड-12 विनोद थापा, सुशील कुमार और वार्ड-13 निवासी विश्व प्रकाश एवं जय प्रकाश ने कहा कि उन्हें नए पार्षदों से उम्मीद है कि वे शहर में एलईडी लाइट का जरूर प्रबंध करेंगे।
नाहन नगर परिषद में पहली बार जीत कर आए भाजपा के युवा पार्षद शुभम सैनी, प्रदीप कुमार, नीलम सैनी, श्यामा देवी, रेखा तोमर, सरोजबाला, कांग्रेसी पार्षद कपिल गर्ग और हरप्रीत कौर ने कहा कि वे शहर में एलईडी लाइट लगाने को प्राथमिकता देंगे।
नप के कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी ने कहा कि नई नगर परिषद की बैठक में पास प्रस्तावों पर अमल किया जाएगा। यदि शहर की स्ट्रीट लाइटों को एलईडी में परिवर्तित करने को लेकर सहमति बनी तो इस प्रस्ताव को सरकार को भेजा जाएगा।