द स्कॉलर्स होम स्कूल में धूमधाम से मनाया मातृ दिवस समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। द स्कॉलर्स होम स्कूल में मातृ दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह विशेष आयोजन माताओं के प्रेम, त्याग, समर्पण और स्नेह को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन निदेशक डाॅ. नरेंद्र पाल सिंह नारंग, निदेशक गुरमीत कौर नारंग, सीनियर प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा, अंजू वर्मा, निमरित कौर और प्री नर्सरी से कक्षा दूसरी के विद्यार्थियों की माताओं के स्वागत से हुआ। कार्यक्रम का संचालन रुपिंदर कौर और प्रियंका पुनातो ने किया।
स्वागत नृत्य के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। मुख्य आकर्षण रैंप वॉक प्रतियोगिता रही जिसका माताओं ने आनंद उठाया। प्रियंका शर्मा और रजनी ने गीत प्रस्तुत किया। वहीं ललिता मलिक और सिमरन ने कविता पेश की। विद्यार्थियों ने राजस्थानी नृत्य, नाटी, हरियाणवी नृत्य, भंगड़ा, गिद्धा पेश कर मन मोह लिया। मातृ दिवस पर आधारित एक वीडियो भी दिखाई गई। अंत में रैंप वॉक के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय गुरमीत कौर नारंग ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं। सभी माताओं को भेंट स्वरूप पौधे भेंट किए गए।