संगडाह (सिरमौर)। संगडाह थाना के अंतर्गत दो नाबालिग बहनों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग लड़कियों के पिता ने इस संदर्भ में संगडाह थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पिता ने हरियाणा के एक युवक पर उसकी बेटियों को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को भी रवाना किया गया है।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने थाना में कहा है कि वह और उसकी पत्नी बेटे के इलाज के लिए संगडाह आए हुए थे। घर पर इसकी दो नाबालिग बेटियां थीं। शाम को जब वह घर लौटे तो बेटियां गायब थीं। उन्होंने बेटियों को अपने स्तर पर जगह-जगह तलाश किया। सगे संबंधियों से भी पूछताछ की लेकिन उनका कोई पता न चल सका।
नाबालिगों में एक की उम्र 16 जबकि एक की 17 साल बताई जा रही है। लड़कियों के पिता ने शक जताया है कि उसकी नाबालिग बेटियों को विजय पुत्र पाला राम निवासी गांव चिका रोड, अखबान पट्टी, जिला कैथल, हरियाणा बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है।
एसपी सौम्या साम्बशिवन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 363 व 366 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
----------------------------