कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एक उद्योग से सामान लेकर रांची के लिए रवाना हुआ एक ट्रक बीच रास्ते से गायब हो गया। 19 सितंबर को कालाअंब से निकला यह ट्रक रांची नहीं पहुंच पाया है। ट्रक की कोई खेर खबर पता न चलने के कारण अब उद्योग प्रबंधन ने पुलिस थाना कालाअंब में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार यूनाइटेड बिस्कुट कंपनी कालाअंब से 19 सितंबर को तीन ट्रक रांची के लिए भेजे गए थे। यह तीनों ट्रक कालाअंब के एक ट्रांसपोर्ट के थे।
पुलिस को दी शिकायत में सुभाष चंद ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी के तीन ट्रकों में से एक एचआर 67ए-4472 गाड़ी रांची ही नहीं पहुंची। इस ट्रक में 522 कार्टन बिस्कुट के लदे हुए थे। कालाअंब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-----------------