शिलाई (सिरमौर)। एसडीएम शिलाई और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मीनस में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने दो पिकअप गाड़ियों को जब्त कर कब्जे में ले लिया जिन्हें वन विभाग के हवाले किया गया। विभाग की इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।
उपमंडल शिलाई के अंतर्गत आने वाले रोनहाट से सटे मीनस में अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। प्रशासन की नाक के नीचे हो रहे इस खनन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ ने छह जनवरी के अंक में मीनस में दिनदिहाड़े हो रहा अवैध खनन शीर्षक के साथ यह मामला उठाया था, जिस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम शिलाई जीएम सकलानी ने शुक्रवार को मौके का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मीनस में अवैध खनन में संलिप्त दो वाहन पाए गए। एसडीएम ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर वन विभाग के सुपुर्द किया।
उधर, डीएफओ रेणुका सुशील राणा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एसडीएम और वन विभाग के निरीक्षण के दौरान मीनस में अवैध खनन करते हुए दो गाड़ियां पकड़ी गई हैं। गाड़ियों को खनन की गई सामग्री के साथ कब्जे में लिया गया। इस मामले में विभाग कानून के दायरे में रहकर आगामी कार्रवाई अमल में लाएगा।