नाहन (सिरमौर)। शहर के बड़ा चौक में बुधवार को दिनदहाड़े दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक ग्राहक बोहलियो निवासी सुखदेव सिंह की जेब से 10 हजार रुपये उड़ा लिए। इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बड़ा चौक स्थित एक परचून की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे एक ग्राहक की जेब से जेबकतरों ने पैसे छीनकर वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में इस वारदात का पूूरा दृश्य कैद हुआ है लेकिन अभी तक दोनों फरार व्यक्तियों को दबोचा नहीं गया है। दुकानदार ने भी वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्तियों को ढूंढने की काफी कोशिश की लेकिन जब अज्ञात व्यक्ति नहीं मिलेे तो दुकानदार व ग्राहक ने गुन्नूघाट पुलिस चौकी में इस मामले की शिकायत की। मामला एएसपी विनोद धीमान के संज्ञान में आने के बाद पुलिस को जांच के आदेश दिए गए।
इस वारदात के बाद शहर भर में जेबकतरों की चर्चाएं जोरों पर हैं। वहीं चोरों की तस्वीरें भी वायरल हो चुकी हैं। उधर, एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दिए जा चुके हैं। सीसीटीवी कैमरे में जेबकतरों की पहचान की गई है। जल्द ही इस मामले में आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।
---------