शनिवार देर रात को सतौन बाजार में एक किरयाना स्टोर में अचानक आग भड़क गई। आगजनी में 4 लाख से अधिक की क्षति हुई है। धुआं व आग की लपटे देख पड़ोस में रहने वाले मजदूरों ने मालिक को सूचना दी। इसके बाद, राजबन से पुलिस टीम व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। आगजनी का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
सतौन निवासी दलीप गुप्ता की दुकान पांवटा शिलाई एनएच किनारे है। पड़ोस में रहने वाले मजदूर विरेंद्र सिंह ने दुकान से धुआं उठते देखा। रात को करीब 2 बजे आगजनी घटना हुई। मजदूर ने दुकान मालिक को सूचित कर दिया। आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए। दुकान मालिक ने पुलिस व फायर स्टेशन को फोन कर दिया। आसपास के लोगों ने मिल कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
करीब 3 बजे रात को अग्निशमन विभाग टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक दुकान का सामान जल कर राख हो चुका था। दुकान मालिक ने बताया कि एक दिन पहले ही करीब 50 हजार की कोल्डड्रिंक भी मंगवाई थी। आग से दुकान में रखे 3 बड़े फ्रीज, ओवन माइक्रोवेव, सारा फर्नीचर व सामान जल कर राख हो गया।
ग्रामीणों व पांवटा के मालवा फायर स्टेशन से पहुंची टीम ने आग को आसपास दुकानों, रिहायशी मकानों व निजी कार्यालय में फैलने से बचाया। पुलिस टीम राजबन से मौके पर पहुंची। आगजनी कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पंचायतवासियों ने पीड़ित व्यापारी परिवार को क्षतिपूर्ति प्रदान करने की मांग रखी है। उधर, थाना प्रभारी पांवटा लायक राम सिसौदिया ने पुष्टि कर कहा कि पुलिस जांच टीम व राजस्व विभाग की टीम क्षति का आंकलन कर रही है।