दूकानें बंद कराकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन, सेल्समैनों की हुई पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
सराहां (सिरमौर)। सिरमौर जिले में नए वित्त वर्ष में शराब के ठेके आवंटित होने के बाद रिहायशी इलाकों में खुलने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। कई स्थानों पर शराब ठेकों का विरोध किया जा रहा है। पच्छाद के अंतर्गत ढंगयार में शराब का ठेका खोलने का महिला मंडल ने पहले ही विरोध किया था। अब ग्रामसभा की बैठक में भी बनी बखौली पंचायत ने इस पर मुहर लगाते हुए एक मत से विरोध जताया है। यही नहीं महिलाओं ने ग्राम सभा में यह भी चेतावनी दी कि ठेका खोला गया तो वह आंदोलन करेंगी। ठेके पर तोड़फ़ोड़ भी करनी पड़े तो की जाएगी जिसके लिए प्रशासन जिम्मेवार होगा।
गौरतलब है कि ढंगयार में ठेके के विरोध में पिछले साल भी महिलाओं ने विरोध जताया था लेकिन इस बार जब पूरे प्रदेश में शराब के ठेके खोलने के लिए पहले की तरह पंचायत या फिर स्थानीय महिला मंडलों की एनओसी नहीं लेने पर लोग बिफर गए हैं। संबंधित विभाग जहां-तहां ठेके खुलवा रहा है। हालांकि, अब ठेके का विरोध में कई स्थानों पर लोग आंदोलन कर रहे हैँ। विभाग की मनमानी के आगे अब महिलाओं के साथ-साथ पुरुष वर्ग भी आगे आया है।
बखौली पंचायत की ग्राम सभा में ढंगयार महिला मंडल समेत पंचायत के अंतर्गत आने वाले अन्य महिला मंडलों ने भी इसके लिए एकता दिखाते हुए ठेके को जला देने तक की चेतावनी दी है। पंचायत प्रधान बणी बखौली संतोष देवी ने बताया कि 16 अप्रैल को ग्रामसभा की बैठक में ढंगयार में शराब ठेका खोलने का विरोध किया गया है।
इस बैठक में उपप्रधान रविंद्र शर्मा, वार्ड पंच राम रतन, रीनू वाला, पूनम देवी, वीरेंद्र मोहन व महिला देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामसभा की इस बैठक में सभी ने एक मत से ठेके का विरोध किया है। महिला मंडल की सचिव कृष्णा देवी ने बताया कि ठेका किसी भी हालत में नहीं खोलने दिया जाएगा। इसके विरोध में महिलाएं सड़कों पर उतर जाएंगी।