घने जंगल की आड़ में जहरीले शराब का कारोबार करने वालों पर पुलिस के साथ ही वन विभाग ने भी शिकंजा कस दिया है। पांवटा वन मंडल के अंतर्गत आने वाले खारा और कुकड़ो के जंगलों में विभाग की टीम ने शराब की पांच भट्ठियां नष्ट की है। सभी भट्ठियां जंगलों में अवैध रूप से चल रही थी। विभाग ने मौके पर तैयार की गई लाहण, शराब को भी नष्ट कर दिया।
कुछ दिन पहले ही विभाग की टीम ने खारों के जंगलों में दबिश देकर दर्जनों भट्ठियों का नष्ट किया था। ताजा घटनाक्रम में वन विभाग की टीम ने ऐसी ही कार्रवाई की है। पांवटा वन मंडल की पावटां रेज के खारा व कुकड़ो जंगल में दबिश देकर विभाग की टीम ने पांच भट्ठियां नष्ट की। मौके पर टीम ने 1500 लीटर लाहण, पचास लीटर शराब को भी नष्ट किया।
वन विभाग के अनुसार पांच अक्तूबर से अब तक विभाग ने 22000 लीटर लाहण, सौ लीटर शराब के साथ ही 15 शराब की भट्ठियां नष्ट की हैं। वहीं शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 35 ड्रमों को भी तहस नहस कर दिया। इसके बावजूद जिस दिन भटिठयां तोड़ी जाती है, अगले ही दिन वहां फिर से कारोबार शुरू हो जाता है।
विभाग के आरओ कल्याण सिंह ने बताया कि विभाग ने पांच अक्तूबर से खारा के जंगलों में विशेष अभियान छेड़ रखा है। इस अवधि में कुल 15 भट्ठियों को नष्ट किया गया है। इस विशेष अभियान में रजनीश, नदीम, सुरजीत, यशपाल, विजय, हरीचंद को शामिल किया गया है।