नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर पेंशनर्स एवं वरिष्ठ कल्याण संघ ने नाहन बाजार में बेलगाम दौड़ रहे दोपहिया वाहनों तथा दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण पर गहरी आपत्ति जाहिर की है। संघ का कहना है कि बाजार में हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए संबंधित विभागों द्वारा कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला जा रही है जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आगजनी जैसी घटना घटने पर किसी बड़ी दुर्घटना का भी खतरा लगातार बना हुआ है। पेंशनरों से संबंधित मांगों व शहर की समस्याओं को लेकर संघ की एक बैठक हिंदु आश्रम नाहन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ प्रधान रामस्वरूप चौहान ने की।
इस दौरान सर्वप्रथम बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रदेश सरकार व वित्त विभाग से जेसीसी की बैठक में संघ की ओर से उठाई गई मांगों को स्वेच्छा से पूरा करने की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए रामस्वरूप चौहान ने कहा कि जेसीसी की बैठक में सरकार के प्रतिनिधि ने पेंशनरों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था। हैरत की बात है कि लंबा समय बीत जाने के बाद भी यह मांगें पूरे नहीं हुईं जिससे पेंशनरों में हैरानी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व वित्त विभाग को अब यह मांगे शीघ्र पूरी कर देनी चाहिए। बैठक के दौरान शहर की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। प्रधान रामस्वरूप चौहान कहा कि नाहन बाजार दुकानदारों के अतिक्रमण का शिकार हो गया है। बाजार के कम चौड़े मार्ग को दुकानदारों ने दुकान का सामान सड़क पर रख और छोटा कर दिया है जिससे बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं व बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा बाजार में दोपहिया वाहन चालक धड़ल्ले से वाहन चला रहे हैं जिससे निपटने में पुलिस प्रशासन नाकाम हो रहा है। पुलिस कर्मी कभी कभार एक आध चक्कर मार कर अपनी इतिश्री कर लेते हैं जिससे दोपहिया वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार देर शाम बड़ा चौंक में एक घर में आग लग गई थी। आग बुझाने आए दमकल विभाग के कर्मियों को अतिक्रमण के कारण घटनास्थल पर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि जिला, पुलिस प्रशासन व नगर परिषद को चाहिए कि वह अतिक्रमणकारी दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाएं। साथ ही दोपहिया वाहन बाजार में न घुसे इसके लिए ईमानदारी से कार्य करें। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अन्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए कई प्रस्ताव भी पारित किए जिसमें नाहन शहर में अतिशीघ्र लोकल बसें चलाने, गर्मियों के दिनों में सुचारु रूप में पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की गई।