नाहन (सिरमौर)। पंजाब के लुधियाना शहर की एक युवती के साथ करीब छह महीने पहले हुए कथित दुराचार को लेकर अदालत ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं जिसके बाद पुलिस ने दुराचार का मामला दर्ज करते हुए आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार पंजाब के लुधियाना शहर की एक महिला को नौकरी का झांसा देकर दो युवक नाहन लेकर आए थे। यहां पिस्तौल की नोक पर उसके साथ दुराचार किया। पीड़िता ने कोर्ट के माध्यम से पुलिस को बताया है कि 7 सितंबर 2016 को उसे परविंदर सिंह, संदीप व एक अनजान व्यक्ति नौकरी दिलवाने का झांसा देकर बोलेरो गाड़ी में नाहन लेकर आए।
यहां पर इन तीनों ने पिस्टल दिखाकर उसके साथ गैंग रेप किया। कोर्ट के निर्देशों के बाद नाहन थाना सदर में पुलिस ने बेशक गैंग रेप का मामला दर्ज कर लिया है लेकिन अब पुलिस खुद पीड़िता की तलाश में जुट गई है क्योंकि मामला कोर्ट के द्वारा पुलिस थाने तक पहुंचा है।
लिहाजा पहले पुलिस को पीड़िता को ढूंढना होगा। महिला की तलाश के बाद ही पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश करेगी कि करीब 6 महीने तक मामला क्यों दर्ज नहीं करवाया गया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कोर्ट के माध्यम से शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है जिसकी जांच शुरू कर दी गई है।
---------------